वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। भारत में निजी क्षेत्र की प्रमुख और सबसे तेजी से विकसित हो रही जीवन बीमा कंपनियों में से एक, एजेस फ़ेडरल लाइफ़ इंश्योरेंस ने पूरे देश में लघु एवं मध्यम उद्यमों (SMEs) और व्यक्तिगत उद्यमियों के बीच जीवन बीमा समाधानों की पहुँच बढ़ाने के उद्देश्य से सीएसबी बैंक के साथ अपनी तरह की पहली एसएमई बैंकएश्योरेंस साझेदारी की घोषणा की है। यह सहयोग भारत में वित्तीय समावेशन को गति देने वाला ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। एजेस ग्रुप, जिसे वैश्विक स्तर पर एसएमई लाइफ़ इंश्योरेंस क्षेत्र में महारत प्राप्त है, इस साझेदारी के माध्यम से सीएसबी बैंक के ग्राहकों को क्रेडिट, बचत और बीमा का एकीकृत समाधान प्रदान करेगा। इससे उद्यमियों को अपने व्यवसाय की निरंतरता, संपत्ति की सुरक्षा और परिवार की वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
सीएसबी बैंक वर्तमान में देशभर में 834 शाखाओं और 800 एटीएम का संचालन कर रहा है। बैंक का लक्ष्य अपने ग्राहकों को आधुनिक, सुरक्षित और एकीकृत वित्तीय सेवाएँ प्रदान करना है। सीएसबी बैंक के एमडी एवं सीईओ प्रलय मोंडल ने कहा कि उन्हें एजेस फ़ेडरल लाइफ़ इंश्योरेंस के साथ यह साझेदारी करते हुए बेहद प्रसन्नता हो रही है। उनका कहना था कि बैंक का उद्देश्य एसएमई ग्राहकों को सुविधाजनक और स्पष्ट वित्तीय सेवाओं के साथ मजबूत बनाना है। यह साझेदारी उन्हें बैंकिंग संबंधों के भीतर ही क्रेडिट, बचत और बीमा का समन्वित अनुभव देगी, जिससे उनकी दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
एजेस फ़ेडरल लाइफ़ इंश्योरेंस के एमडी एवं सीईओ जूड गोम्स ने कहा कि उनके इनोवेटिव और डिजिटल समाधानों ने वितरण प्रणाली के मायने बदल दिए हैं। सीएसबी बैंक के साथ यह सहयोग उनके बैंकएश्योरेंस सफर में एक नया अध्याय है, विशेष रूप से एसएमई और व्यक्तिगत उद्यमियों के लिए। एजेस फ़ेडरल लाइफ़ इंश्योरेंस और सीएसबी बैंक का साझा संकल्प है कि वे बैंकएश्योरेंस के क्षेत्र में उत्कृष्टता का नया मानक स्थापित करें और ग्राहकों को भरोसे, सुरक्षा और समृद्धि की दिशा में सशक्त बनाएं।