वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और महिला प्रदेश अध्यक्ष व पार्षद ममता चौधरी के समर्थक आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि समर्थकों ने जूते हाथों में लेकर विरोध जताया। दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की और मारपीट होने की भी बात सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान रास्ता देने को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जाता है कि अजय राय के समर्थकों ने अध्यक्ष के निकलने के लिए रास्ता देने को कहा। इस पर ममता चौधरी की ओर से कथित तौर पर सवाल किया गया कि कौन अध्यक्ष? इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
आरोप है कि ममता चौधरी की ओर से अजय राय के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। इससे नाराज अजय राय के समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया और जूते हाथों में लेकर प्रदर्शन किया। घटनाक्रम के दौरान पार्टी कार्यालय में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि, पूरे विवाद को लेकर दोनों पक्षों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
घटना से नाराज अजय राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से शिकायत की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से पार्टी की छवि खराब होती है और संगठन का माहौल बिगड़ता है। अजय राय ने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग की। बताया गया कि शिकायत पर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान हुई इस घटना ने प्रदेश कांग्रेस के भीतर आपसी मतभेदों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।