Breaking News

सीट बंटवारे पर सपा का कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव, 130 पर मांगा जीत का गणित

– रामगोपाल यादव बोले- दो जीतीं, चार पर दूसरे नंबर पर रही कांग्रेस, बाकी 20 सीटों पर भी दिया मौका
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। कांग्रेस की 130 सीटों की मांग के जवाब में समाजवादी पार्टी ने शुरुआती तौर पर 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है। सपा का कहना है कि बाकी सीटों पर कांग्रेस को अपनी जीत की संभावनाओं और प्रत्याशियों के चुनावी समीकरण का ठोस ब्योरा देना होगा।
दोनों दलों की समन्वय समिति की सोमवार को पहले दौर की बैठक हुई थी। मंगलवार को दूसरे दौर की बातचीत में सीटों के बंटवारे पर मंथन होना है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने पहले 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग रखी थी, जिसे घटाकर अब 130 कर दिया है। कांग्रेस ने इन सीटों को ए, बी और सी तीन श्रेणियों में बांटा है। इनमें ए श्रेणी की 85 सीटों पर पार्टी हर हाल में चुनाव लड़ना चाहती है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने 26 सीटों के प्रस्ताव का गणित समझाते हुए कहा कि इनमें दो ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 में जीत दर्ज की थी, जबकि चार सीटों पर वह दूसरे स्थान पर रही थी। इसके अलावा 20 ऐसी सीटें भी कांग्रेस को दी जा रही हैं, जहां पिछले चुनाव में सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को करीब दो हजार वोट ही मिले थे। सपा ने सीटों के चयन में 2022 के विधानसभा चुनाव परिणामों को आधार बनाया है। पार्टी का मानना है कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा केवल मांग के आधार पर नहीं, बल्कि जीत की संभावना और प्रत्याशियों की स्थिति देखकर होना चाहिए।
अब सपा कांग्रेस से उसकी 130 सीटों की सूची पर चुनावी प्रदर्शन, संभावित उम्मीदवारों और जीत के समीकरण का ब्योरा मांगेगी। इसके आधार पर आगे सीटों की संख्या तय करने पर बातचीत होगी। दोनों दलों के बीच सहमति बनना 2027 के चुनावी गठबंधन की दिशा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Check Also

रेसकोर्स मस्जिद में फिलहाल नहीं होगी नमाज, दिल्ली हाईकोर्ट ने अंतरिम अनुमति देने से किया इनकार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने रेसकोर्स मस्जिद में नमाज अदा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *