Breaking News

2027 के चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, कोर कमेटी में बनी रणनीति

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक हुई। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने के मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया गया। पार्टी का विशेष ध्यान महिलाओं और युवाओं को संगठन से जोड़ने पर रहा। इसके लिए नए अभियान चलाने और मौजूदा संगठनात्मक ढांचे को अधिक सक्रिय बनाने पर चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन की पकड़ मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार किया गया। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन और सरकार के बीच समन्वय जरूरी है।
भाजपा की इस बैठक को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व अब संगठन को मजबूत करने के साथ ही सामाजिक समीकरणों और नए वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की दिशा में काम करने की तैयारी में है।

Check Also

मतदाता सूची पुनरीक्षण में पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता, घर-घर जाकर बढ़ाएं वोट: ब्रजेश पाठक

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गति देने के उद्देश्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *