वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
वाराणसी। देव दीपावली 2026 पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं। पर्व पर बाबा के दरबार को सुगंधित और आकर्षक फूलों के साथ रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया जाएगा। धाम के विभिन्न स्थलों पर मनमोहक पुष्प रंगोलियां बनाई जाएंगी। वहीं, शाम को पूरे परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
देव दीपावली पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के वाराणसी पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दर्शनार्थियों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए निर्धारित दर्शन मार्गों पर शुरू से अंत तक बैरिकेडिंग कराई गई है। इससे श्रद्धालुओं को बिना अव्यवस्था के बाबा के दर्शन सुलभ हो सकेंगे। प्रशासन का प्रयास है कि भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
सीईओ सत्यम मिश्रा ने बताया श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं के तहत धाम के विभिन्न स्थानों पर शुद्ध आरओ पेयजल की व्यवस्था की गई है। परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई एजेंसी को लगातार साफ- सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्व के दौरान सफाई व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।सुरक्षा के लिहाज से मंदिर प्रशासन ने पहले से निर्धारित सुरक्षा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप इंतजाम किए हैं। संबंधित सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों को सतर्क रहने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।
मंदिर प्रशासन ने धाम में तैनात सभी कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के प्रति सौम्य, शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि देव दीपावली पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कराने के लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी।