वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा निरस्त होने की सोशल मीडिया पर वायरल सूचना को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राथमिक) और सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी पदों की लिखित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीन और चार दिसंबर 2026 को ही आयोजित होगी। परीक्षा की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं के झांसे में न आएं और परीक्षा की तैयारी निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक जारी रखें। उन्होंने कहा कि आयोग की ओर से परीक्षा निरस्त किए जाने संबंधी कोई सूचना जारी नहीं की गई है।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने आयोग के आधिकारिक लेटरहेड, लोगो और नाम का दुरुपयोग कर परीक्षा निरस्त होने की फर्जी सूचना प्रसारित की है। इस सूचना पर उप सचिव के जाली हस्ताक्षर भी किए गए हैं। आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों और संस्था के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। आयोग अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों को यह भी आगाह किया कि वे बिना पुष्टि किसी सूचना को आगे साझा न करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा कार्यक्रम, विज्ञप्ति और किसी भी संशोधन से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत एक्स हैंडल पर ही उपलब्ध कराई जाती है।
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट upessc.up.gov.in और एक्स हैंडल @upesscprayagraj से ही परीक्षा संबंधी अपडेट प्राप्त करें। आयोग ने दोहराया कि तीन और चार दिसंबर को होने वाली परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगी।