Breaking News

उद्यान भवन में शुरू हुआ कॉमन सर्विस सेंटर, अब एक ही छत के नीचे मिलेगी सरकारी योजनाओं की सुविधा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश के किसानों, बागवानों, खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों और आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से दिलाने के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर उद्यान भवन परिसर में कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना की गई है। गुरुवार को इस केंद्र का विधिवत उद्घाटन राजस्व परिषद के अध्यक्ष एवं उद्यान, खाद्य प्रसंस्करण व रेशम विभाग के अपर मुख्य सचिव बी.एल. मीणा ने किया। उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ यानी हॉफेड द्वारा संचालित इस केंद्र के खुलने से अब लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन और तकनीकी सहायता के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। डिजिटल युग में ऑनलाइन सेवाएं शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं। विशेष रूप से ग्रामीण अंचलों के किसानों और छोटे उद्यमियों को ऑनलाइन फॉर्म भरने, दस्तावेज अपलोड करने और आवेदन की औपचारिकताएं पूरी करने में कठिनाई होती थी, जिसे अब यह केंद्र दूर करेगा।
उन्होंने बताया कि सरकार बागवानी विकास और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने व रोजगार सृजन के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस केंद्र से लाभार्थियों के समय और श्रम दोनों की बचत होगी और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक तकनीक का लाभ पहुंचेगा। उद्घाटन अवसर पर हॉफेड चेयरमैन नवलेश प्रताप सिंह, उद्यान निदेशक डॉ. भानु प्रकाश राम, संयुक्त निदेशक सृष्टि धवन, डॉ. राजीव कुमार वर्मा, वीरेन्द्र कुमार और नोडल अधिकारी एस.के. सुमन सहित सीएससी राज्य कार्यक्रम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Check Also

इस्कॉन में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया गोपाष्टमी महोत्सव

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। इस्कॉन मंदिर, लखनऊ में गोपाष्टमी महा महोत्सव बुधवार को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *