वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
नई दिल्ली। इंडिया स्टील 2025 का आयोजन 24 अप्रैल से 26 अप्रैल, 2025 तक मुंबई के बॉम्बे एक्जीबिशन सेंटर में किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 अप्रैल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करेंगे। द्विवार्षिक अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी और सम्मेलन के इस छठे संस्करण में वैश्विक स्टील मूल्य श्रृंखला के अग्रणी हितधारक इस क्षेत्र के भविष्य की दिशा पर चर्चा करने के लिए एक साथ आएंगे। इस कार्यक्रम में विकास, स्थिरता, लचीलापन और नवाचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
देश, राष्ट्रीय इस्पात नीति के अनुरूप 2030 तक 300 मिलियन टन उत्पादन क्षमता और 160 किलोग्राम प्रति व्यक्ति खपत हासिल करने की दिशा में अग्रसर है। इस्पात क्षेत्र में इस महत्वाकांक्षी वृद्धि को ध्यान में रखते हुए, सम्मेलन का आयोजन अंतर-राज्यीय और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के लिए नए अवसरों को खोलने, ज्ञान के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाने और इस्पात मूल्य श्रृंखला में व्यापार करने में आसानी बढ़ाने के उद्देश्य से भारत के नीतिगत सुधारों और बुनियादी ढांचे की पहलों को प्रदर्शित करने के लिए किया जा रहा है।
समारोह में इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी, राज्य मंत्री भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई सहित अन्य उपस्थिति रहेगी। समारोह में भारत की आर्थिक और औद्योगिक रणनीति में इस्पात की बहु-क्षेत्रीय प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला जाएगा। कार्यक्रम में रूसी संघ के उद्योग और व्यापार उप मंत्री, ऑस्ट्रेलिया, मोजाम्बिक और मंगोलिया के राजदूतों का इस कार्यक्रम में शामिल होना इस्पात क्षेत्र में गहन अंतर्राष्ट्रीय जुड़ाव और रणनीतिक सहयोग को दर्शाता है। इस कार्यक्रम में घरेलू खपत बढ़ाने, भविष्य में इस्पात के इस्तेमाल को प्रदर्शित करने और वैश्विक साझेदारी को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
12,000 से अधिक व्यापारिक आगंतुकों, 250 प्रदर्शकों, तथा विभिन्न क्षेत्रों, सरकारी विभागों, राज्य सरकारों, देश के प्रतिनिधिमंडलों, तथा भारत और विदेश से घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय खरीददारों का प्रतिनिधित्व करने वाले 1,200 प्रतिनिधियों के साथ यह सम्मेलन विश्व स्तर पर सबसे बड़े इस्पात आयोजनों में से एक होगा।