Breaking News

रामभक्ति में रंगे रूसी कलाकार, रामलीला के जरिए दिखेगी रूस और भारतीय संस्कृतियों का मेल

– सीएम योगी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंची अयोध्या में मंचित रामलीला
– 2017 के बाद कई अवसरों पर रूस से अयोध्या आकर रामलीला का मंचन कर चुके हैं अंतरराष्ट्रीय कलाकार
– मास्को में गूंजेगी रामकथा, 16 रूसी कलाकार मंच पर जीवंत करेंगे रामायण के पात्र
– दिल्ली के चांदनी चौक से खरीदी गईं वेशभूषाएं, रामलीला से भारत-रूस के सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी और दीपोत्सव का उल्लास अब सरयू के तट से निकलकर रूस की राजधानी मास्को तक पहुंचने जा रहा है। मास्को में रामलीला के मंचन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां 16 रूसी कलाकार रामायण के पात्रों को मंच पर जीवंत करेंगे। खास बात यह है कि कलाकारों की वेशभूषा के लिए दिल्ली के चांदनी चौक से वस्त्र खरीदकर रूस ले जाए गए हैं। यह आयोजन भारतीय संस्कृति और रामकथा की वैश्विक स्वीकार्यता को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रामलीला के निर्माता एवं निर्देशक डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या के दीपोत्सव और रामलीला आयोजनों की अंतरराष्ट्रीय पहचान बढ़ी है। मास्को में रूसी कलाकारों द्वारा रामायण का मंचन भारत और रूस के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

2018 में अयोध्या से शुरू हुआ सफर :
रूसी कलाकारों की रामलीला यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव नवंबर 2018 में आया, जब अयोध्या में रूस की ‘दिशा रामलीला’ की पहली प्रस्तुति हुई। इसके बाद जनवरी 2019 में प्रयागराज कुंभ मेले में भी इसका मंचन किया गया। अयोध्या के दीपोत्सव समारोहों में रूसी कलाकारों की भागीदारी ने इस सांस्कृतिक जुड़ाव को आगे बढ़ाया।

रामकथा बनेगी सांस्कृतिक संवाद का सेतु :
रामलीला की खासियत है कि भारतीय परंपरा में गहराई से रची-बसी यह कथा भाषा और भौगोलिक सीमाओं से परे लोगों को जोड़ती है। विदेशी कलाकारों द्वारा रामायण के पात्रों का अभिनय भारतीय साहित्य, परंपरा और रंगमंच के प्रति उनकी रुचि को भी दर्शाता है। यह पहल महान रूसी रंगकर्मी गेन्नादी मिखाइलोविच पेचनिकोव की विरासत से भी जुड़ी है, जिन्हें स्नेहपूर्वक ‘रूसी राम’ कहा जाता था। रामलीला को रूसी दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। मास्को में प्रस्तावित मंचन इसी सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
रामलीला के किरदार :
1) राम – अलेक्सी          2) सीता – दाशा
3) लक्ष्मण – ओलेग        4) हनुमान -दमित्री
5) भरत -एवजेनी           6) रावण – सर्गेई
7) दशरथ – आरतियों     8) कौशल्या – रति
9) सुमित्रा- नतातालया 10) कैकेई – इरीना
11) जनक- वसीली       12) सोने का हिरन – रीता
13) मिशा                     14) नादेजदा
15) राक्षस सेना             16) वानर सेना ।

Check Also

नेपाल की बाढ़ में 315 भारतीयों से संपर्क टूटा, चीन में 400 नागरिक फंसे; भारत ने तेज किया राहत अभियान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ/नई दिल्ली। नेपाल में फ्लैश फ्लड से मची भारी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *