वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचाने की दिशा में प्रदेश को बड़ी उपलब्धि मिली है। फर्रुखाबाद से 63 मीट्रिक टन फ्रोजन हरी मटर और मिश्रित सब्जियों की पहली खेप कतर के लिए रवाना की गई है। 20 नवंबर को भेजी गई यह खेप प्रदेश से फ्रोजन सब्जियों के निर्यात की शुरुआत के रूप में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों को वैश्विक बाजारों में नई पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि फ्रोजन सब्जियों के निर्यात से उत्तर प्रदेश के कृषि उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर खुलेंगे। इससे किसानों, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और निर्यातकों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ने का मौका मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री के मुताबिक, कृषि उपज के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को भी गति मिलेगी। आधुनिक तकनीक के जरिए स्थानीय स्तर पर उत्पादित सब्जियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के अनुरूप तैयार कर निर्यात किया जा सकेगा। इस पहल से सब्जी उत्पादक किसानों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। कृषि उपज की फसलोपरांत होने वाली बर्बादी कम करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने में भी मदद मिलेगी।
राजस्व परिषद के अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग बीएल मीणा ने बताया कि कतर को भेजी गई पहली खेप प्रदेश को कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम है। इससे भविष्य में उत्तर प्रदेश के उत्पादों को अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।