Breaking News

कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था से सराबोर हुई काशी, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
वाराणसी/लखनऊ। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मंगलवार को धर्मनगरी काशी आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। भोर की पहली किरण के साथ ही गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। देश के कोने-कोने से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष से पूरा गंगा तट गूंज उठा।
गंगा स्नान के साथ ही एक माह तक चलने वाले कार्तिक स्नान का भी समापन हो गया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ, बाबा कालभैरव और मां अन्नपूर्णा के दरबार में पहुंचकर मत्था टेका और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर सुबह से ही दीपदान, धार्मिक अनुष्ठान और दान-पुण्य का सिलसिला जारी रहा। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के साथ ही काशी में देव दीपावली के भव्य आयोजन का उत्साह भी चरम पर पहुंच गया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि काशी देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों को पीढ़ियों से चली आ रही समृद्ध परंपराओं से जुड़ने का अनूठा अवसर प्रदान करती है। सुबह के गंगा स्नान से लेकर शाम के दीपदान तक यह पर्व तीर्थाटन, संस्कृति और स्थानीय आतिथ्य का अद्भुत संगम है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि काशी आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और यादगार अनुभव मिले। साथ ही पर्यटन गतिविधियों से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा हों।
शाम को देव दीपावली पर गंगा घाटों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। गंगा आरती, प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो, 2100 ड्रोन और ग्रीन आतिशबाजी से काशी का आसमान रोशनी से जगमगाएगा।

Check Also

2027 के चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, कोर कमेटी में बनी रणनीति

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *