– समन्वित साइबर सुरक्षा तंत्र विकसित करने की पहल : डॉ. जीके गोस्वामी
– सरकार, उद्योग और एमएसएमई की साझेदारी पर फायरसाइड चैट
– डिजिटल सेवाओं की सुरक्षा और जवाबदेही पर भी जोर
– वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और क्वांटम तकनीक के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच उत्तर प्रदेश अपनी डिजिटल व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की तैयारी में जुट गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप प्रदेश में साइबर सुरक्षा का व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इसमें सरकारी डेटा की सुरक्षा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और साइबर हमलों से निपटने के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जाएगी।
इस दिशा में उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) की ओर से 25 नवंबर को लखनऊ में विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) और वैश्विक तकनीकी कंपनी सिस्को की संयुक्त भागीदारी होगी। कार्यशाला में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ, तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्योग जगत के विशेषज्ञ और शिक्षाविद शामिल होंगे।
गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक होने वाली कार्यशाला में एआई आधारित साइबर हमलों, डेटा चोरी, डिजिटल प्लेटफॉर्म की कमजोरियों और क्वांटम तकनीक से भविष्य में पैदा होने वाले सुरक्षा खतरों पर मंथन होगा।
यूपीएसआईएफएस के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी के मुताबिक कार्यशाला में पांच प्रमुख बिंदुओं पर रणनीति तैयार की जाएगी। इनमें उभरती तकनीकों से जुड़े साइबर खतरों की पहचान, सरकारी विभागों की सुरक्षा तैयारियों का आकलन, साइबर घटनाओं से निपटने की व्यवस्था, भविष्य की तकनीकी सुरक्षा प्रणाली और संस्थागत क्षमता का विकास शामिल है।
कार्यशाला में सरकार, उद्योग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा होगी। इसका उद्देश्य डिजिटल सेवाओं के विस्तार के साथ नागरिकों के डेटा की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। साइबर हमलों की समयबद्ध पहचान, त्वरित कार्रवाई और नुकसान कम करने के लिए समन्वित तंत्र विकसित करने पर भी जोर रहेगा। इससे प्रदेश की डिजिटल व्यवस्था को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलेगी।