– 30 नवंबर को फिर होगी समीक्षा
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके जमीनी असर की पड़ताल के लिए गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में समग्र शिक्षा, पीएम श्री और पीएम पोषण समेत विभिन्न योजनाओं की 26 कसौटियों पर प्रगति परखी गई। अधिकांश जिलों में कामकाज संतोषजनक मिला, जबकि कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
बैठक में बच्चों के सीखने का स्तर, शिक्षक और छात्र उपस्थिति, पोषण, नामांकन, डिजिटल संसाधन और विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सभी योजनाओं का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। निपुण भारत मिशन के तहत बच्चों के निर्धारित शैक्षिक लक्ष्य हासिल करने, निपुण तालिका के उपयोग और उनकी सीखने की क्षमता का आकलन किया गया। यू-डायस आंकड़ों को अद्यतन करने, होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड, बाल वाटिका और प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा की स्थिति भी जांची गई।
पीएम पोषण योजना के तहत भोजन की गुणवत्ता, रसोइयों के मानदेय, कन्वर्जन कास्ट और भुगतान व्यवस्था की समीक्षा हुई। इसके अलावा पुस्तकालयों, खेल सामग्री, आरटीई प्रतिपूर्ति, डीबीटी, स्मार्ट क्लास, डिजिटल उपकरणों और पीएम कंपोजिट विद्यालयों की प्रगति पर चर्चा की गई। शिक्षकों के प्रशिक्षण, बालिका शिक्षा और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन व उपस्थिति की भी समीक्षा हुई।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सभी अधिकारियों को 30 नवंबर तक 26 बिंदुओं पर प्रगति का आकलन कर जरूरी कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसी दिन दोबारा समीक्षा की जाएगी। बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।मोनिका रानी ने कहा कि विद्यालय स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, बच्चों की नियमित उपस्थिति, शिक्षण गतिविधियों की गुणवत्ता और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी आगामी 30 नवम्बर तक समीक्षा के सभी बिंदुओं पर प्रगति का आकलन कर आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करें, जिसकी पुनः समीक्षा 30 नवम्बर को उनके द्वारा की जाएगी।
बैठक में एएसपीडी (समग्र शिक्षा) प्रेम रंजन सिंह, निदेशक (बेसिक शिक्षा विभाग) अनिल भूषण चतुर्वेदी, निदेशक (एससीईआरटी) गणेश कुमार, एपीडी (समग्र शिक्षा) राजेन्द्र प्रसाद सहित जनपदों के मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा परियोजना एवं बेसिक शिक्षा विभाग के सभी यूनिट प्रभारी उपस्थित रहे।