Breaking News

देवउत्थान एकादशी कल, चार माह की योग निद्रा से जागेंगे भगवान और शुरू होंगे सभी मांगलिक कार्य

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवउत्थान यानी प्रबोधिनी एकादशी का महापर्व शनिवार इक्कीस नवंबर को राजधानी में अत्यंत हर्षोल्लास और वैदिक विधि-विधान के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर भगवान श्रीहरि चार माह की लंबी योग निद्रा से जागृत होंगे, जिसके साथ ही चातुर्मास की समाप्ति होगी और समाज में विवाह सहित सभी शुभ व मांगलिक कार्यों का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने बताया कि वैष्णव परंपरा के अनुसार शनिवार को एकादशी का व्रत रखा जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस दिन अन्न ग्रहण न करने की अपील करते हुए कहा कि व्रत के साथ अगले दिन यानी रविवार को प्रातः छह बजकर इकतीस मिनट से दस बजकर पांच मिनट के मध्य निर्धारित शुभ मुहूर्त में पारण करना भी अत्यंत आवश्यक है।
प्रबोधिनी एकादशी की महिमा पर प्रकाश डालते हुए मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने कहा कि यह पर्व आत्मिक जागृति और भक्ति में नवीन ऊर्जा के संचार का प्रतीक है। जिस प्रकार भगवान के जागने से समस्त सृष्टि में शुभता का आरंभ होता है, उसी प्रकार प्रत्येक मनुष्य को भी अज्ञान की निद्रा त्यागकर भगवान के पवित्र नामों के संकीर्तन और भक्ति मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
इस महापर्व के उपलक्ष्य में इस्कॉन मंदिर लखनऊ में दिनभर विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसकी शुरुआत प्रातःकाल मंगला आरती, नृसिंह आरती, तुलसी आरती और श्री श्री राधा रमण बिहारी जी के दिव्य श्रृंगार दर्शन से होगी। इसके पश्चात सुबह साढ़े छह बजे अपरिमेय श्याम प्रभु जी के मुखारविंद से श्रीमद्भागवतम् कथा का श्रवण और दिनभर हरिनाम संकीर्तन चलेगा। सायंकाल संध्या आरती के बाद भव्य दीपदान होगा तथा मंदिर पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए एकादशी विशेष फलाहार एवं महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है।

Check Also

दीपोत्सव-2026 में रंगों और रील्स से दुनिया देखेगी नई अयोध्या की भव्य तस्वीर

– दो नवंबर तक जमा होंगी चित्रकला और रील मेकिंग प्रतियोगिताओं की प्रविष्टियां, मुख्यमंत्री की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *