वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
वाराणसी। जनपद वाराणसी सहित पूरे क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी और हीट वेव का प्रकोप जारी है। तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित है। इसके बावजूद बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। प्रतिदिन औसतन करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
मंदिर के एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि श्रद्धालुओं के पैरों को गर्म फर्श से सुरक्षित रखने हेतु सम्पूर्ण धाम परिसर में उच्च गुणवत्ता की जूट मैट बिछाई गई हैश्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा धाम परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। न्यास द्वारा निर्धारित एसओपी के तहत विभिन्न स्थानों पर शुद्ध आरओ वाटर कूलर लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। जहां वाटर कूलर नहीं हैं, वहां बड़े मटकों में शीतल जल की व्यवस्था की गई है और मंदिर कर्मी गिलासों के माध्यम से निरंतर जल वितरित कर रहे हैं। भीषण गर्मी से राहत देने के लिए धाम परिसर में ओआरएस घोल और ग्लूकोज की भी व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के पैरों को गर्म फर्श से बचाने के लिए पूरे परिसर में उच्च गुणवत्ता की जूट मैट बिछाई गई है। इसके साथ ही दर्शन पथ पर छाया की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जर्मन हैंगर और टेंसाइल स्ट्रक्चर लगाए गए हैं। वातावरण को ठंडा बनाए रखने के लिए मिस्ट फैन भी स्थापित किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है।
आपात स्थिति से निपटने के लिए मंदिर न्यास ने आरोग्य केंद्र, एंबुलेंस और प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मियों की व्यवस्था भी की है। किसी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने पर उसे तत्काल प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दोपहर के अत्यधिक गर्म समय में दर्शन के लिए आने से बचें और घर से पर्याप्त जल व भोजन ग्रहण कर ही यात्रा प्रारंभ करें। विशेष रूप से वृद्ध, अशक्त और अस्वस्थ व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। न्यास ने भरोसा दिलाया है कि सभी श्रद्धालुओं के सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।