Breaking News

प्रदेश की 96 चीनी मिलों में गन्ना पेराई शुरू, किसानों को 552 करोड़ से अधिक का भुगतान

– हरियावां मिल पेराई में सबसे आगे, अजबापुर चीनी मिल ने किसानों को दिए सर्वाधिक 82 करोड़ रुपये
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार ने चीनी मिलों की निगरानी तेज कर दी है। पेराई सत्र 2026-27 में अब तक प्रदेश की 96 चीनी मिलों में गन्ना पेराई शुरू हो चुकी है। इन मिलों ने 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई कर 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को किसानों को गन्ना मूल्य का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि पेराई शुरू करने वाली 96 मिलों में 78 निजी क्षेत्र, 17 सहकारी क्षेत्र और एक निगम क्षेत्र की चीनी मिल शामिल है। पेराई में हरदोई की हरियावां चीनी मिल सबसे आगे है। इस मिल ने अब तक 22.41 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की है। दूसरे स्थान पर सीतापुर की हरगांव चीनी मिल है, जहां 21.94 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हुई है। मुजफ्फरनगर की खतौली चीनी मिल 20.95 लाख कुंतल पेराई के साथ तीसरे स्थान पर है। किसानों को भुगतान के मामले में लखीमपुर खीरी की अजबापुर-डीसीएम ग्रुप चीनी मिल आगे है। इसने अब तक 82 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। मेरठ की मवाना चीनी मिल ने 62 करोड़ और सीतापुर की हरगांव चीनी मिल ने 60.42 करोड़ रुपये किसानों को दिए हैं।
गन्ना आयुक्त के मुताबिक, वर्तमान सत्र में अब तक कुल देय गन्ना मूल्य 552.23 करोड़ रुपये के सापेक्ष शत-प्रतिशत से अधिक भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जा चुका है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभाग भुगतान की लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि समय से भुगतान होने से किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने में सहूलियत होगी।

Check Also

कोहरे में यमुना एक्सप्रेसवे पर अब 75 की रफ्तार से दौड़ेंगे वाहन

– 25 नवंबर से 15 फरवरी तक लागू रहेगी नई गति सीमा, फॉग लाइट और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *