Breaking News

गरीब बेटियों के विवाह के लिए सरकार दे रही 1.01 लाख रुपये की मदद : केशव मौर्य

– मूसानगर में सामूहिक विवाह समारोह में 51 नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, बोले- अंतिम व्यक्ति का उत्थान सरकार का संकल्प
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बेटियों का सम्मान, गरीबों का कल्याण और समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान डबल इंजन सरकार का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार गरीब परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़े 1.01 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।
केशव मौर्य मंगलवार को कानपुर देहात के मूसानगर स्थित अखंड परमधाम आश्रम में आयोजित 34वें भक्ति योग वेदान्त संत सम्मेलन, श्रीमद्भागवत कथा, शतचंडी महायज्ञ एवं सामूहिक विवाह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 51 नवविवाहित जोड़ों को सुखद दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। यह आयोजन पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति की ओर से ब्रह्मलीन स्वामी अच्चिदानंद शास्त्री के 34वें निर्वाण दिवस पर आयोजित किया गया था।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक विवाह केवल शादी का आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने का माध्यम है। सरकार गरीब माता-पिता की बेटियों की शादी की चिंता में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने साध्वी निरंजन ज्योति के सामाजिक और धार्मिक कार्यों की सराहना भी की।
मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर नल से जल, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभाएगा। विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित कानपुर देहात का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है। समारोह में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, विधायक ब्रजभूषण राजपूत सहित संत-महात्मा और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Check Also

परिवहन विभाग के ऑपरेशन सतर्कता में 751 स्लीपर बसों के चालान, 77 सीज और 24 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *