Breaking News

जनजातीय संस्कृति के रंगों से सजा लखनऊ, 13 राज्यों के कलाकारों ने बांधा समां

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर राजधानी में सोमवार को चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में 26 नवंबर तक चलने वाले इस उत्सव में 13 राज्यों के जनजातीय कलाकार अपनी लोकसंस्कृति, पारंपरिक नृत्य और संगीत के जरिए देश की सांस्कृतिक विविधता से लोगों को रूबरू करा रहे हैं। उत्सव का उद्घाटन समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने किया।
उत्सव की शुरुआत 1090 चौराहे से निकली सांस्कृतिक समागम शोभायात्रा से हुई। शोभायात्रा यूपी दर्शन पार्क पहुंची, जहां शाम पांच बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। सोनभद्र के कलाकारों ने मादल वादन और करमा नृत्य से दर्शकों को आकर्षित किया। लखीमपुर खीरी के थारू जनजाति कलाकारों की प्रस्तुति के साथ बिजनौर की बुक्सा जनजाति का पारंपरिक नृत्य भी खास रहा। चित्रकूट के कलाकारों ने जवारा और राई नृत्य प्रस्तुत किया।
महाराष्ट्र के बोहणा, मध्य प्रदेश के भगोरिया, पश्चिम बंगाल के संथाली और राजस्थान के तेराताली व चकरी नृत्य ने उत्सव में विविध रंग भरे। ओडिशा की बोंडा जनजाति के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला दिखाई। छत्तीसगढ़ की पंडवानी, हिमाचल के सिरमौरी और लम्बाडा नृत्य तथा उत्तराखंड के जौनसारी नृत्य ने भी दर्शकों की तालियां बटोरीं। लंगा गायन और बीन वादन ने कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ यहां प्रतिदिन सुबह 11 से रात नौ बजे तक शिल्प मेला भी लगेगा। इसमें देशभर के शिल्पकार जनजातीय हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। जयवीर सिंह ने कहा कि उत्सव जनजातीय परंपराओं और पारंपरिक शिल्प को देशभर में पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है।

Check Also

मतदाता सूची पुनरीक्षण में पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता, घर-घर जाकर बढ़ाएं वोट: ब्रजेश पाठक

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गति देने के उद्देश्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *