Breaking News

परिवहन विभाग के ऑपरेशन सतर्कता में 751 स्लीपर बसों के चालान, 77 सीज और 24 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग ने बड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की है। तेरह से सत्रह नवंबर तक लंबी दूरी की स्लीपर बसों की सुरक्षा जांच के लिए चलाए गए पांच दिवसीय विशेष अभियान ऑपरेशन सतर्कता के तहत प्रदेश भर में ताबड़तोड़ चेकिंग की गई। इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली कुल सात सौ इक्यावन बसों के चालान काटे गए और सतहत्तर बसों को सीज किया गया। विभाग ने इस कार्रवाई से चौबीस लाख पंद्रह हजार रुपये प्रशमन शुल्क और नौ लाख बत्तीस हजार रुपये टैक्स के रूप में राजस्व वसूल किया है।
अपर परिवहन आयुक्त प्रवर्तन केडी सिंह गौर ने बताया कि परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन के मार्गदर्शन में सभी प्रमुख एक्सप्रेसवे के प्रवेश और निकास द्वारों पर चौबीसों घंटे निगरानी के लिए पंद्रह स्टैटिक टीमें तैनात की गई थीं। इन टीमों ने आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में लगातार काम करते हुए कुल दो हजार पांच सौ चौंतीस बसों की गहन जांच की। जांच के दौरान सबसे अधिक परमिट शर्तों के उल्लंघन के तीन सौ बयालीस मामले सामने आए, जिनमें सत्ताईस बसें बंद की गईं।
इसके अतिरिक्त आपातकालीन निकास दरवाजे खराब होने पर एक सौ बाईस चालान व सोलह बसें सीज हुईं। ओवरलोडिंग और क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर चौरानवे चालान, जबकि निर्धारित मानक से अधिक सीट या स्लीपर लगाने पर तिहत्तर चालान किए गए। अग्निशमन यंत्र न होने पर पचासी चालान तथा अत्यधिक ऊंचाई और माल लदा होने पर तैंतीस बसों पर कार्रवाई हुई। वहीं नशे की हालत में बस चलाते पकड़े गए दो चालकों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई है।

Check Also

एक्यूप्रेशर को मान्यता मिली तो उपचार के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे : केशव मौर्य

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार प्रयागराज। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एक्यूप्रेशर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *