– लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में गोलीबारी की घटना सामने आई है। रविवार को हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने अभिनेता की कार को निशाना बनाया। टाइगर श्रॉफ इस घटना में सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जबकि उनके चालक के घायल होने की खबर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, टाइगर श्रॉफ जुहू इलाके में फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे, तभी उनकी कार पर फायरिंग की गई। गोली लगने से कार का शीशा टूट गया। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि शीशे के टुकड़े लगने से अभिनेता को मामूली चोट आई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हुआ साथ ही एक स्थानीय ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की बात सामने आई हैं। हालांकि, घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। हमलावरों की पहचान करने और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल गोलीबारी के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों ने अभिनेता की कार को ही निशाना क्यों बनाया।
इस घटना ने मुंबई में फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले हमले के पीछे किसी गिरोह या अन्य वजह की पुष्टि करना जल्दबाजी होगी। हांलाकि लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप की तरफ से गैंगस्टर अनिल पंडित का सोशल मीडिया पर पोस्ट आया है।
पुलिस की जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों, हमलावरों की पहचान और संभावित मकसद को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।