Breaking News

आधुनिक बायोगैस के जनक डॉ. राम बख्श सिंह पर जारी हुआ स्मारक डाक टिकट

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
नई दिल्ली। आधुनिक बायोगैस प्रौद्योगिकी के जनक और प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. राम बख्श सिंह के वैज्ञानिक योगदान को भारत सरकार ने राष्ट्रीय सम्मान दिया है। उनके सम्मान में 13 नवंबर को नई दिल्ली में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने स्मारक डाक टिकट जारी किया। इसे स्वच्छ ऊर्जा, ग्रामीण विकास और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की ऐतिहासिक मान्यता माना जा रहा है।
इस अवसर पर डॉ. राम बख्श सिंह के जीवन, शोध और वैज्ञानिक उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक ‘कम्प्लीट गाइड टू बायोगैस-रिन्यूएबल एनर्जी फ्रॉम वेस्ट’ का भी विमोचन किया गया। पुस्तक में जैविक कचरे से ऊर्जा उत्पादन की तकनीक के साथ उनके वैज्ञानिक सफर और अंतरराष्ट्रीय योगदान को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी, विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को उनकी उपलब्धियों से परिचित कराना है।
मूल रूप से सीतापुर में जन्मे डॉ. सिंह का जीवन लखनऊ से भी गहराई से जुड़ा रहा। वर्ष 1957 में उन्होंने सीतापुर में भारत के शुरुआती सफल गोबर गैस संयंत्रों में से एक की स्थापना से जुड़े कार्यों का नेतृत्व किया। वर्ष 1972 में उनका काम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा। उन्होंने अमेरिका, डेनमार्क, ब्रिटेन, जर्मनी, कनाडा और मैक्सिको समेत 15 से अधिक देशों में बायोगैस और नवीकरणीय ऊर्जा कार्यक्रमों में योगदान दिया।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल में एशिया के पहले गोबर गैस अनुसंधान केंद्र की स्थापना और विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने यहां 16 वर्षों तक प्रभारी अधिकारी के रूप में कार्य किया। संयुक्त राष्ट्र से जुड़े कार्यों में भी उन्होंने विशेषज्ञ सेवाएं दीं। उनकी पुस्तक ‘बायोगैस प्लांट: जनरेटिंग मीथेन फ्रॉम ऑर्गेनिक वेस्ट’ अमेरिकी लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस में सूचीबद्ध है। उनके योगदान को एनसीईआरटी की कक्षा नौ की विज्ञान पुस्तक में भी स्थान मिला है। स्मारक डाक टिकट उनके वैज्ञानिक योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

Check Also

ब्रिक्स देशों ने जनकेंद्रित विकास के लिए संसदीय सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार नई दिल्ली। भारत की अध्यक्षता में आयोजित 12वें ब्रिक्स संसदीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *