– लखनऊ में भिक्षावृत्ति मुक्त अभियान और महिलाओं के सशक्तिकरण की संयुक्त पहल
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में मिशन शक्ति 5.0 एवं भिक्षावृत्ति मुक्त लखनऊ के अंतर्गत दीप दान महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में राज्य सभा सांसद बृजलाल, विधायक जयदेवी, योगेश शुक्ला, अमरेष रावत, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी, मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त, पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र सेंगर, जिलाधिकारी विषाख, मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि लखनऊ जिला प्रशासन द्वारा भिक्षावृत्ति रोकने एवं संलिप्त व्यक्तियों के पुनर्वासन के लिए महिला कल्याण, नगर निगम, डूडा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, समाज कल्याण, ग्राम विकास, श्रम, पंचायतीराज, बेसिक शिक्षा, ग्रामीण आजीविका मिशन, पुलिस एवं राजस्व विभाग सहित स्वयंसेवी संस्थाओं और व्यापार मंडल के समन्वय से विशेष पहल की गई। शहर के मुख्य चौराहों को हॉटस्पॉट घोषित कर सात टास्क फोर्स एवं प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सात टीमों के माध्यम से सतत निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत 111 निराश्रित पुरुष और महिलाएं शेल्टर में सुरक्षित किए गए, 11 बुजुर्गों को वृद्धाश्रम में आवासित कराया गया और लगभग 255 व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। भिक्षावृत्ति में संलिप्त परिवारों के 273 बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं 149 बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना में नामांकित किया गया। इसके अतिरिक्त 716 बच्चों को विद्यालयों और 204 बच्चों को आंगनबाड़ी में दाखिला दिलाया गया।
उपमुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन एवं अभियान में संलग्न टीमों की सराहना करते हुए 45 कार्मिकों, विशेषज्ञों, स्वैच्छिक संगठनों और व्यापार मंडल के सदस्यों को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और दीपावली के अवसर पर मिष्ठान वितरित कर सम्मानित किया। समारोह के समापन पर 31 हजार दीप जलाकर दीपावली की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।