वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
प्रयागराज। जमीन के नीचे दबे नीले ड्रम और उनमें भरी नोटों की गड्डियां एक बार फिर चर्चा में हैं। प्रयागराज के बरईपुर (रामनगर) क्षेत्र में पुलिस ने एक मकान के फर्श के नीचे खोदाई कराकर कई ड्रमों में छिपाकर रखे गए करोड़ों रुपये बरामद किए हैं। बुधवार देर रात तक 4 करोड़ 30 लाख रुपये की गिनती हो चुकी थी। पूरी रकम 60 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी कुल बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मकान के अंदर जमीन में गड्ढे खुदवाकर बड़े-बड़े प्लास्टिक के ड्रम दबा रखे थे। इनमें नोटों की गड्डियां भरी थीं। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर मकान के भीतर खोदाई कराई गई तो एक के बाद एक कई ड्रम निकलने लगे। ड्रमों में नोटों की गड्डियां देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। बरामद रकम की गिनती बैंक और संबंधित विभागों की मशीनों से कराई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी कुछ वर्ष पहले महाराष्ट्र के पुणे में एक फर्म में काम करता था। आरोप है कि नोटबंदी के दौरान वह वहां से बोरियों में भरे करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गया था। गांव लौटने के बाद उसने कई बीघा जमीन खरीदी और कथित तौर पर बची हुई रकम को ड्रमों में भरकर मकान के नीचे छिपा दिया।
बताया जा रहा है कि हाल ही में आरोपी का अपने पड़ोसी पट्टीदार से विवाद हुआ था। इसी दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए नोटों की बात सामने आई और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही बरामद रकम की आधिकारिक जानकारी दी जा सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रकम के स्रोत और उससे जुड़े तथ्यों की पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।