वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश के स्कूलों में प्रार्थना सभा को प्रेरणादायी और संस्कारपरक बनाने के लिए राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (एसआईईटी) ने 13 संगीतमय प्रार्थना गीतों का वीडियो संकलन तैयार किया है। बुधवार को निशातगंज स्थित एसआईईटी प्रेक्षागृह में अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इसका विमोचन किया। यह संकलन एसआईईटी के निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र अग्रवाल के निर्देशन में तैयार किया गया है।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि इन प्रार्थना गीतों का इस्तेमाल प्रदेश के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय अपनी दैनिक प्रार्थना सभाओं में निशुल्क कर सकेंगे। हालांकि, इनके व्यावसायिक उपयोग की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रार्थना सभा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास की आधारशिला है। इसके माध्यम से बच्चों में अनुशासन, संवेदनशीलता, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित की जा सकती है। संकलन में ‘हम होंगे कामयाब’, ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’, ‘हमको मन की शक्ति देना’, ‘ऐ मालिक तेरे बंदे हम’, ‘तुम ही हो माता-पिता तुम ही हो’, ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की’ और ‘ज्योति से ज्योति जगाते चलो’ सहित 13 प्रार्थना गीत शामिल हैं। प्रत्येक वीडियो दो से चार मिनट का है। इनमें उच्च गुणवत्ता वाली ऑडियो रिकॉर्डिंग, आकर्षक दृश्यांकन, एनीमेशन और विद्यालयी परिवेश को शामिल किया गया है। इन गीतों में प्रदेश सरकार के अधीन संचालित विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी अपनी आवाज दी है। सामग्री शिक्षा विभाग के आधिकारिक पोर्टल, यूट्यूब, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में एसआईईटी की आगामी कार्ययोजना भी प्रस्तुत की गई। इसके तहत शैक्षिक वीडियो, कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए गणित-विज्ञान के माइक्रो-लर्निंग वीडियो, उत्कृष्ट शिक्षकों के नवाचारों पर पॉडकास्ट और करियर मार्गदर्शन व परीक्षा तनाव प्रबंधन से जुड़ी डिजिटल सामग्री तैयार की जाएगी। समारोह में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।