वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
नई दिल्ली। दिवाली से पहले केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी सौगात दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही डीए और डीआर की दर 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगी। बढ़ी हुई दरें एक जुलाई 2026 से लागू होंगी।
सरकार के इस फैसले से करीब 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 68.71 लाख पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। बढ़ोतरी से सरकारी खजाने पर सालाना करीब 10,016.10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। महंगाई से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया यह फैसला सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित निर्धारित फॉर्मूले के अनुरूप है। डीए में तीन प्रतिशत की वृद्धि से कर्मचारियों के मूल वेतन के आधार पर हर महीने मिलने वाली राशि बढ़ जाएगी। वहीं, पेंशनभोगियों को भी उनकी पात्र पेंशन के आधार पर बढ़ी हुई महंगाई राहत मिलेगी। एक जुलाई से बढ़ोतरी लागू होने के कारण कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जुलाई से बकाया राशि भी मिलने की उम्मीद है।
दिवाली से पहले लिए गए इस फैसले से लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। बढ़ती कीमतों के बीच अतिरिक्त राशि मिलने से त्योहार के दौरान घरेलू खर्चों को संभालने में भी मदद मिलेगी।