वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
फगवाड़ा। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्र प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद विश्वविद्यालय ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। मिड-टर्म परीक्षाएं भी अगले आदेश तक टाल दी गई हैं। विश्वविद्यालय ने छात्रों से हॉस्टल या आवास में रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। घर जाने के इच्छुक छात्र अभिभावकों की सहमति से अपने घर जा सकते हैं।
कैंपस में एक छात्रा से कथित दुष्कर्म और उसके बाद आत्महत्या की सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों को लेकर शनिवार रात से विरोध-प्रदर्शन शुरू हुआ था। पुलिस के अनुसार मामले में दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए सात सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि वायरल दावों की वास्तविकता की जांच जारी है। विश्वविद्यालय ने भी सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों को अफवाह बताते हुए छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की थी।
रविवार को प्रदर्शन के दौरान परिसर में तोड़फोड़, आगजनी और दुकानों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हुईं। पुलिस और छात्रों के बीच झड़प की भी सूचना है। परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने भी स्थिति का जायजा लिया और हिंसा व तोड़फोड़ में शामिल लोगों पर कार्रवाई की बात कही।