वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की मंशा का असर जिलों की रैंकिंग में दिखाई दे रहा है। सीएम डैशबोर्ड की अक्टूबर माह की समग्र रैंकिंग में बरेली ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। पीलीभीत दूसरे और रामपुर तीसरे स्थान पर रहा। जिलों का मूल्यांकन विकास कार्यों, राजस्व, जनशिकायतों के निस्तारण और फीडबैक समेत विभिन्न मानकों पर किया गया।
बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि जिले को 10 में से 9.37 अंक मिले हैं। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप विकास परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जा रहा है। साथ ही सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पीलीभीत ने 9.29 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं रामपुर को 9.12 अंक मिले और वह तीसरे स्थान पर रहा। रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के मुताबिक विकास एवं राजस्व कार्यों की संयुक्त श्रेणी में जिले ने 91.20 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। रामपुर ने मुरादाबाद मंडल में लगातार दसवें महीने पहला स्थान बरकरार रखा है।
रैंकिंग में शाहजहांपुर 9.11 अंकों के साथ चौथे, ललितपुर 9.10 अंकों के साथ पांचवें और बागपत 9.08 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहा। हमीरपुर सातवें, अंबेडकरनगर आठवें, आजमगढ़ नौवें और मुरादाबाद दसवें स्थान पर रहे। रैंकिंग से स्पष्ट है कि जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण और विकास योजनाओं की नियमित निगरानी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिले आगे हैं।