Breaking News

300 साल पुराने पासी बाबा मंदिर को मिलेगी पर्यटन स्थल की पहचान, एक करोड़ से हो रहा विकास

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ/ फतेहपुर। उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन का दायरा अब बड़े तीर्थस्थलों से आगे बढ़ाकर गांवों में स्थित प्राचीन मंदिरों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में फतेहपुर जिले के जहानाबाद स्थित करीब 300 साल पुराने पासी बाबा मंदिर का एक करोड़ रुपये की लागत से विकास कराया जा रहा है। परियोजना का 90 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है। नवंबर के अंत तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के लिए तैयार हो जाएगा। पर्यटन परियोजना के तहत मंदिर परिसर में यात्री शेड, इंटरलॉकिंग रास्ते, दिशा-सूचक बोर्ड और स्वच्छता समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार कम चर्चित धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों को भी पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने का प्रयास कर रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मंदिरों के विकास से स्थानीय कारोबारियों, कारीगरों और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि पासी बाबा मंदिर में बुद्ध पूर्णिमा पर प्रतिवर्ष मेला लगता है, जिसमें विभिन्न जिलों से करीब 50 हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह मेला धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय परंपराओं और सामाजिक मेल-मिलाप का भी प्रमुख केंद्र है।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि प्राचीन धार्मिक स्थलों का विकास करते समय उनकी सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय स्वरूप को बनाए रखना भी सरकार की प्राथमिकता है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।

Check Also

पूर्व सांसद प्रकाश मणि त्रिपाठी को सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को देवरिया पहुंचकर सांसद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *