वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ/अयोध्या। दीपोत्सव-2026 की भव्यता ने रामनगरी अयोध्या के पर्यटन कारोबार को नई ऊंचाई दी है। 36 लाख दीपों की रोशनी और 2100 ड्रोन के शो को देखने के लिए सात दिनों में करीब 15 लाख पर्यटक अयोध्या पहुंचे। इस दौरान लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। पर्यटकों की भारी आमद से होटल कारोबार के साथ स्थानीय परिवारों के होमस्टे भी पूरी तरह गुलजार रहे। कई संचालकों की कमाई में 120 से 130 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई।
एक से सात नवंबर तक पहुंचे पर्यटकों की संख्या पिछले वर्ष की इसी अवधि के आठ लाख से बढ़कर करीब 15 लाख हो गई। वहीं, रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी पांच लाख से बढ़कर 10 लाख पहुंच गई। पर्यटकों ने किफायती किराये, घर के बने भोजन और पारिवारिक माहौल के चलते होमस्टे को प्राथमिकता दी।
श्रीरामदूत निवास के संचालक वासुदेव मौर्य ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान उनके सभी कमरे बुक रहे। सामान्य दिनों की तुलना में कारोबार 120 से 130 प्रतिशत तक बढ़ा। महाराष्ट्र से आए कई पर्यटकों ने अपना प्रवास भी बढ़ाया। यहां एक हजार से 1200 रुपये में कमरे उपलब्ध कराए गए। कुसुम होमस्टे के संचालक अविनाश कुसुम ने बताया कि परिवार के साथ आए पर्यटकों ने घर में बने ताजा भोजन को पसंद किया। वहीं, श्री शिवाय होमस्टे के संचालक प्रवीण मिश्रा ने बताया कि शत-प्रतिशत बुकिंग के बावजूद कई पर्यटकों को जगह नहीं मिल सकी। पूनम होमस्टे की संचालक पूनम सोनकर ने बताया कि दीपोत्सव में 80 प्रतिशत कमरे बुक रहे। इस कारोबार से उनके परिवार के साथ दो अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है। द रामा जंक्शन की संचालक राजकुमारी तिवारी के मुताबिक, सेवानिवृत्ति के बाद उनके पति भी होमस्टे कारोबार से जुड़कर परिवार की आय बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव आस्था और संस्कृति के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका बढ़ाने का माध्यम भी बन रहा है। होमस्टे से महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात ने कहा कि होमस्टे पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खानपान और रहन-सहन से जोड़ने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रहे हैं।