वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
गोरखपुर। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर रिश्तेदार को रिसीव करने पहुंचे अधिवक्ता के साथ मारपीट और वसूली का मामला सामने आया है। अधिवक्ता ने आरपीएफ के सिपाही और उसके तीन साथियों पर मारपीट, मोबाइल तोड़ने और जबरन ऑनलाइन 500 रुपये ट्रांसफर कराने का आरोप लगाया है। जीआरपी ने आरपीएफ सिपाही सूरज गौड़ समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी अधिवक्ता प्रांजल कुमार दुबे के मुताबिक, नौ नवंबर को शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपने रिश्तेदार को लेने रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। आरएमएस के बगल से स्टेशन की सीढ़ियों की ओर जाते समय आरपीएफ सिपाही सूरज गौड़ ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि आगे जाने के लिए रुपये मांगे गए। विरोध करने पर सिपाही ने अभद्रता की और अपने तीन साथियों को बुला लिया। अधिवक्ता का आरोप है कि चारों ने उन्हें घेरकर पीटा और घसीटते हुए अंदर ले गए। इस दौरान बंदूक के बट से सीने और कमर पर प्रहार किया गया। उनका मोबाइल छीनकर घटना का वीडियो डिलीट कर दिया गया और फोन जमीन पर पटककर तोड़ दिया गया। आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता रेलवे स्टेशन पहुंच गए। उन्होंने स्टेशन के बाहर धरना-प्रदर्शन कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो रेलवे ट्रैक जाम किया जाएगा। जीआरपी थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अधिवक्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। मामले की जांच इंस्पेक्टर गुलाब यादव को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।