– धूल कम करने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
दिल्ली। दिवाली के बाद राजधानी दिल्ली की हवा बेहद जहरीली हो गई है। पटाखों से निकले धुएं और धूल के कारण वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। सोमवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के पार दर्ज किया गया। स्थिति को देखते हुए प्रदूषण और धूल कम करने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।
प्रदूषण के सबसे खराब हालात सोनिया विहार में देखने को मिले, जहां एक्यूआई 457 दर्ज किया गया। विवेक विहार में 445, जहांगीरपुरी में 439 और नॉर्थ कैंपस में 437 एक्यूआई रहा। इसके अलावा बवाना में 424, चांदनी चौक और पटपड़गंज में 418-418 तथा पंजाबी बाग में 408 एक्यूआई दर्ज किया गया। मुंडका में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक 413 तक पहुंच गया। कई इलाकों में एक्यूआई 400 से ऊपर पहुंचने का मतलब है कि वहां हवा गंभीर श्रेणी में है। इससे सांस संबंधी परेशानी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
दिवाली के दौरान हुई आतिशबाजी ने पहले से खराब हवा की स्थिति को और बिगाड़ दिया है। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन की ओर से सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि धूल के कण हवा में कम फैलें। हालांकि, कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद ऊंचा बना हुआ है। राजधानीवासियों को फिलहाल जहरीली हवा से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं।