– हादसे में मासूम बच्चे भी घायल; पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। छठ पर्व पर अपने घर लौट रहे यात्रियों की खुशियां सोमवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण हादसे में मातम में बदल गईं। पारा थाना क्षेत्र में जीरो पॉइंट के पास यात्रियों से भरी एक लग्जरी बस अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 42 लोग घायल हो गए। घायलों में मासूम बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। शुरुआती जांच में बस का टायर फटना हादसे की वजह बताया जा रहा है।
बिहार नंबर की बस (बीआर 28 पी 4332) राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी। बस में सवार यात्री छठ पर्व मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे। यात्रियों के मुताबिक बस में करीब 60 लोग सवार थे। हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर शकुंतला विश्वविद्यालय के पास हुआ। टायर फटने के बाद बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें पहुंच गईं। पुलिसकर्मी घायल बच्चों को गोद में उठाकर एंबुलेंस तक ले जाते नजर आए। करीब 50 पुलिसकर्मियों और एसडीआरएफ की दो टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
डीसीपी जितेंद्र कुमार के मुताबिक घायलों में 29 को लोकबंधु अस्पताल और 13 को केजीएमयू में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों का हाल जाना। जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर ने भी लोकबंधु अस्पताल पहुंचकर उपचार की व्यवस्था देखी। स्वास्थ्य मंत्री ने एक्सप्रेस-वे पर हादसों की रोकथाम के लिए योजना बनाने की बात कही। मृतकों में बेगूसराय के गरहारा निवासी 63 वर्षीय शंकर रजक की पहचान हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में जुटा है।