Breaking News

नई अयोध्या के निर्माण में हर वर्ग का योगदान, योगी ने निषाद बस्ती में बांटी दीपावली की खुशियां

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या के गौरव और वैभव को फिर से लूटने या बदनाम करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। अब अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलेंगी और न ही जय श्रीराम बोलने पर कोई लाठी चला सकेगा। पंचकोसी, 14 कोसी और 84 कोसी परिक्रमा पर भी कोई प्रतिबंध नहीं लगा पाएगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या की मर्यादा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।
मुख्यमंत्री रविवार को दीपावली के अवसर पर रामघाट हॉल्ट के निकट निषाद बस्ती में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दलित परिवारों, सफाईकर्मियों, नाविकों, मांझी समाज और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पार्षदों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान सभी को अपने हाथों से मिठाइयां और उपहार भेंट किए।
योगी ने दीपोत्सव की सफलता में सफाईकर्मियों के योगदान की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव में 30 लाख से अधिक दीपक प्रज्वलित हुए। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद अगली सुबह घाटों और सड़कों पर पूरी तरह स्वच्छता देखकर वह अभिभूत हैं। यह सफाईकर्मियों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने सरयू घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में जुटे नाविकों, मांझियों और गोताखोरों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पर्वों और विशेष अवसरों पर लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में इनका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने जिस प्रकार निषादराज, माता शबरी, वानर और भालुओं को साथ लेकर धर्म की स्थापना की, उसी तरह नई अयोध्या के निर्माण में समाज के हर वर्ग की भागीदारी है। आने वाली पीढ़ियां इस योगदान को याद रखेंगी।
कार्यक्रम में सफाईकर्मियों, पांच पार्षदों, निषाद एवं दलित परिवारों और पांच गोताखोरों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव और महापौर गिरीश पति त्रिपाठी सहित कई अधिकारी व नागरिक मौजूद रहे।

Check Also

फार्म-6 और 7 में बदलाव कर फर्जी वोट बढ़ाने की साजिश : अखिलेश

– चुनाव आयोग से मांगा जवाब, मतदाता सूची को आधार से जोड़ने की उठाई मांग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *