वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। योगी सरकार ने दीपावली पर प्रदेश के लाखों राज्य कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए इसे 60 से बढ़ाकर 63 प्रतिशत कर दिया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एक जुलाई 2026 से प्रभावी होगा। कर्मचारियों को इसका लाभ नवंबर के नियमित वेतन के साथ मिलेगा। इस संबंध में शासनादेश शनिवार को जारी कर दिया गया।
सरकार ने जुलाई से अक्टूबर 2026 तक के चार महीने के एरियर के भुगतान की व्यवस्था भी तय कर दी है। सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) से जुड़े कर्मचारियों के एरियर की राशि आयकर और सरचार्ज की कटौती के बाद उनके भविष्य निधि खाते में जमा की जाएगी। यह रकम एक नवंबर 2027 तक खाते में जमा रहेगी। डीए बढ़ोतरी का लाभ राज्य कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित और पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्यप्रभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान पर कार्यरत पदधारकों को भी मिलेगा।
वहीं, राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) के कर्मचारियों के एरियर की 10 प्रतिशत राशि टियर-1 पेंशन खाते में जमा होगी। राज्य सरकार नियोक्ता के रूप में 14 प्रतिशत के बराबर अतिरिक्त अंशदान भी करेगी। शेष 90 प्रतिशत राशि पीपीएफ खाते में जमा कराई जाएगी या राष्ट्रीय बचत पत्र (एनएससी) के रूप में दी जाएगी। एनएससी उपलब्ध नहीं होने पर नकद भुगतान किया जाएगा। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को विशेष राहत दी गई है। शासनादेश जारी होने से पहले सेवानिवृत्त हो चुके, एक जुलाई से शासनादेश जारी होने के बीच सेवानिवृत्त हुए और अगले छह महीने में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को एरियर की पूरी धनराशि नकद मिलेगी। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी।