वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। सरदार पटेल का जीवन और उनके विचार देश को एकजुट रखने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में सरदार पटेल को आधुनिक भारत का शिल्पकार और लौह पुरुष बताया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए जो योगदान दिया, वह हमेशा याद किया जाएगा। उनका जीवन ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा देता है। देश की वास्तविक ताकत उसकी एकता में है और इसका आधार राष्ट्र प्रथम की भावना है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति के कारण सामाजिक एकता प्रभावित हुई। उनके मुताबिक, इससे राष्ट्रीय एकात्मता और सामाजिक समरसता की भावना को नुकसान पहुंचा।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने राष्ट्र प्रथम और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र को आधार बनाकर सुशासन और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित होने वाली रन फॉर यूनिटी को एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। कहा कि इस दौड़ का प्रत्येक कदम देश की अखंडता और एकता के प्रति समर्पण का प्रतीक होना चाहिए। राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम का संकल्प ही सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अपने संदेश का समापन जय हिंद के उद्घोष के साथ किया।