वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिक आचरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक चलने वाले इस सप्ताह का विषय ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ रखा गया है। इसी क्रम में 29 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में वॉकथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें एक हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया।
वॉकथॉन को नाबार्ड के उप प्रबंध निदेशक जीएस रावत, डॉ. एके सूद और मुख्य सतर्कता अधिकारी यू. दिनेश शनभाग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों ने नारों वाली तख्तियों के माध्यम से सत्यनिष्ठा और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
नाबार्ड के अध्यक्ष डॉ. शाजी कृष्णन वी ने 26 अक्टूबर को कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय सतर्कता आयोग के संदेशों का वाचन भी किया गया।
नाबार्ड ने नेशनल बैंक स्टाफ कॉलेज, लखनऊ के सहयोग से आईटी, साइबर सुरक्षा, साइबर स्वच्छता, सार्वजनिक खरीद और गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस जैसे विषयों पर ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए। इसके अलावा प्रधान कार्यालय, क्षेत्रीय कार्यालयों और प्रशिक्षण संस्थानों में नारा लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई।
बैंक ने 17 अगस्त से 16 नवंबर तक चलाए जा रहे सतर्कता अभियान के तहत सतर्कता शिकायत प्रबंधन प्रणाली पोर्टल भी शुरू किया है। निवारक सतर्कता को मजबूत करने के लिए देशभर में ग्राम सभाओं के साथ स्कूलों और कॉलेजों में सेमिनार व कार्यशालाएं आयोजित की गईं। सोशल मीडिया और एसएमएस के जरिए भी लोगों तथा कर्मचारियों को व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में सत्यनिष्ठा अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।