वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश अपनी बढ़ती क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने जा रहा है। नई दिल्ली के यशोभूमि (आईआईसीसी), द्वारका में 17 से 19 सितंबर तक सेमीकॉन इंडिया 2026 का आयोजन होगा। इसमें प्रदेश सरकार यूपी के उभरते सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, नीतिगत सहयोग और भविष्य की तैयारियों को प्रमुखता से प्रस्तुत करेगी।
आयोजन में दुनिया की सेमीकंडक्टर कंपनियों के प्रतिनिधि, विभिन्न राज्यों की सरकारें, भारतीय उद्योग जगत, स्टार्टअप और इस क्षेत्र से जुड़े अन्य पक्ष शामिल होंगे। यूपी की ओर से तैयार प्रचार वीडियो के माध्यम से प्रदेश में विकसित हो रहे इकोसिस्टम, बुनियादी ढांचे और निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों की तस्वीर पेश की जाएगी। सेमीकॉन इंडिया 2026 का मुख्य विषय ‘ट्रांसफॉर्म टुमारो–सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग ग्लोबल सप्लाई चेन्स’ रखा गया है। आयोजन में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की पूरी वैल्यू चेन पर चर्चा के साथ तकनीक, निवेश, सप्लाई चेन और भविष्य के कार्यबल से जुड़े विषयों पर संवाद होगा।
आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी में 500 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे और करीब दो लाख वर्गफुट क्षेत्र में आयोजन होगा। इसमें 10 स्टेट पवेलियन, सात कंट्री पवेलियन और 40 स्टार्टअप के लिए स्टार्टअप पवेलियन होगा। 150 से अधिक वक्ताओं की भागीदारी के साथ राज्य सरकारों के राउंडटेबल, प्रशिक्षण सत्र और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कंपोनेंट्स पर विशेष ट्रैक भी होंगे। यूपी की भागीदारी का जोर प्रदेश में निवेश के अवसरों, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर क्षेत्र की मौजूदा सुविधाओं तथा भविष्य की तैयारियों को वैश्विक निवेशकों और कंपनियों तक पहुंचाने पर रहेगा। आयोजन के जरिए राज्यों और वैश्विक कंपनियों के बीच तकनीकी सहयोग और निवेश संबंधी संवाद को भी मंच मिलेगा।