Breaking News

सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता की अप्रतिम मिसाल : केशव मौर्य, उप मुख्यमंत्री

– सरदार पटेल ने सैकड़ों रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोया : केशव मौर्य
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय एकता की अप्रतिम मिसाल हैं। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और कूटनीतिक दूरदर्शिता के बल पर सैकड़ों रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया। उनका जीवन दर्शन आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उप मुख्यमंत्री ने शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास सात कालिदास मार्ग पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
केशव मौर्य ने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री के रूप में सरदार पटेल ने देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका समर्पण और किसानों के अधिकारों के लिए किया गया संघर्ष सदैव याद किया जाएगा। विविधता में एकता की भावना को साकार करते हुए उन्होंने सशक्त और संगठित भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल की स्मृतियों को संजोने और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके अद्वितीय व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से जीवन में एक बार स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जाने की अपील भी की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रन फॉर यूनिटी जैसे आयोजन राष्ट्रीय एकता और समरसता की भावना को मजबूत करते हैं। सभी को सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने तथा आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। यही लौहपुरुष के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Check Also

नवंबर में बिजली बिल पर मिलेगी 9.17 फीसदी छूट, उपभोक्ताओं को 645 करोड़ की राहत

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को नवंबर में बड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *