Breaking News

‘यादव हो पढ़कर क्या करोगे…’, बांदा में स्कूल प्रिंसिपल ने छात्र को डंडों से पीटा, जांच शुरू

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा सातवीं कक्षा के छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र ने पढ़ाने के लिए मैडम को बुला लिया था, जिससे नाराज होकर प्रिंसिपल ने उसे डंडों से पीटा और जातिसूचक टिप्पणी भी की।
मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के लुकतारा गांव का है। पीड़ित छात्र के परिवार ने बताया कि उनका बेटा जूनियर स्कूल में कक्षा सात में पढ़ता है। बीते दिन क्लास में बच्चों ने प्रिंसिपल की बजाय मैडम को पढ़ाने के लिए बुलाया, जिससे प्रिंसिपल भड़क गए और छात्र को बुरी तरह पीट दिया। छात्र का कहना है कि मैडम अच्छा पढ़ाती हैं, इसलिए बच्चों ने उन्हें बुलाया था।
छात्र ने बताया कि प्रिंसिपल ने कहा, “यादव हो, पढ़-लिखकर क्या करोगे? जाओ भैंस चऱाओ , खेती किसानी करो तो फायदा होगा।” आरोप है कि प्रिंसिपल ने जातिसूचक टिप्पणी करने के साथ-साथ धमकी भी दी कि ज्यादा शिकायत की तो परिणाम भुगतने होंगे।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। गांव वालों का कहना है कि स्कूल में प्रिंसिपल और एक महिला शिक्षिका के बीच विवाद चल रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने दोनों को स्कूल से हटाने की मांग की है।
देहात कोतवाली के एसओ सी.पी. तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है। पुलिस टीम ने गांव जाकर जांच की है। स्कूल के बच्चों के अभिभावकों और दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

यूपी राइज में चमके आगरा के युवा, नौकरी तलाशने वाले नहीं बनेंगे रोजगार सृजक

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES