वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में युवाओं को हुनर के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए तकनीक आधारित पहल को विस्तार दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) के ‘Blue DotsAI’ प्लेटफॉर्म को प्रदेश के सभी 18 मंडलों में शुरू करने की तैयारी है। इसके जरिए युवाओं को स्थानीय स्तर पर नौकरियों की जानकारी मिलेगी, जबकि कंपनियां अपनी जरूरत के अनुसार योग्य उम्मीदवार तलाश सकेंगी।
मिशन निदेशक पुलकित खरे के निर्देशन में गुरुवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और एक स्टेप फाउंडेशन के बीच समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। जून से संचालित इस पहल को अब औपचारिक रूप से मिशन से जोड़ दिया गया है।
डिजिटल मैप पर दिखेंगी रिक्तियां :
‘Blue DotsAI’ डिजिटल डिस्कवरी प्लेटफॉर्म है, जिस पर मैप के माध्यम से आसपास उपलब्ध नौकरियों और हुनरमंद उम्मीदवारों की जानकारी मिल सकेगी। गाजियाबाद में पायलट परियोजना के दौरान 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में 25 हजार से अधिक नौकरियों को मैप पर खोजने योग्य बनाया गया। अब इसे सभी मंडलों तक पहुंचाने की योजना है। युवा कंपनी, रिक्त पदों, शुरुआती वेतन, ओवरटाइम और परिवहन सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।एमएसएमई और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की नौकरियों पर विशेष ध्यान रहेगा। अपैरल, फूड एंड बेवरेज के साथ वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन और मशीन ऑपरेटर जैसे पद भी प्लेटफॉर्म पर शामिल किए जाएंगे।
बोलकर मिलेगी नौकरी की जानकारी :
प्लेटफॉर्म के एआई वॉइस बॉट के जरिए कंपनियां हिंदी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में बोलकर भर्ती की जरूरत दर्ज करा सकेंगी। उम्मीदवारों को उनकी प्रोफाइल के अनुरूप नौकरियों की जानकारी देने के साथ सहमति से आवेदन में भी मदद मिलेगी। काउंसलिंग और मॉक इंटरव्यू जैसी सुविधाएं युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने में सहायक होंगी। इस पहल का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण और उद्योगों की जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है।