वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने प्रदेश के गन्ना किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग उठाई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार में मंत्री जयंत चौधरी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के नेतृत्व में पार्टी के सांसदों और विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष गन्ना किसानों की समस्याओं और उनके आर्थिक हितों से जुड़े मुद्दे उठाए। नेताओं ने किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के उद्देश्य से गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि गन्ने के उचित मूल्य से किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुना और गन्ना किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर सकारात्मक आश्वासन दिया। राष्ट्रीय लोकदल की इस पहल को गन्ना किसानों के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने किसानों के मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाने की दिशा में प्रयास किया है। अब किसानों की निगाहें गन्ने के भाव में संभावित बढ़ोतरी को लेकर सरकार के अगले निर्णय पर टिकी हैं।