Breaking News

नैमिषारण्य के 84 कोसी परिक्रमा पथ पर हर कोस में रोपी जाएगी हरिशंकरी : पवन सिंह चौहान

– लोक भारती का अभियान 24 से 29 अक्टूबर तक, ऋषियों के नाम से होंगे कोस पड़ाव
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चार प्रमुख परिक्रमा पथों अयोध्या, मथुरा, नैमिषारण्य और चित्रकूट को हरिशंकरी से आच्छादित करने के उद्देश्य से लोक भारती की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक कोस पर पीपल, बरगद और पाकड़ को एक ही थाले में रोपित कर हरिशंकरी की माला विकसित की जाएगी। अभियान के प्रथम चरण में 24 से 29 अक्टूबर तक नैमिषारण्य के 84 कोसी परिक्रमा पथ पर यात्रा आयोजित होगी।
लोक भारती के अवध क्षेत्र अध्यक्ष एवं यात्रा प्रभारी पवन सिंह चौहान ने बताया कि प्रत्येक कोस पर पूज्य संतों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में समाज के सहयोग से हरिशंकरी रोपित की जाएगी। प्रत्येक पड़ाव का नामकरण प्रतिनिधि ऋषि के नाम पर होगा। भविष्य में इन स्थलों को कोस पड़ाव के रूप में विकसित करने की योजना है।
लोक भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बृजेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि इन पड़ावों पर प्रकाश, पेयजल, शौचालय और बैठने की व्यवस्था के लिए शासन से मांग की जाएगी। पौधरोपण यज्ञ, स्वस्तिवाचन, मंत्रोच्चार और परिक्रमा जैसे धार्मिक अनुष्ठानों के साथ उत्सवपूर्वक होगा।
राष्ट्रीय संगठन सचिव गोपाल उपाध्याय के अनुसार, यात्रा का शुभारंभ 24 अक्टूबर को सुबह नौ बजे चक्रतीर्थ पर हरिशंकरी रोपण के साथ होगा। यात्रा 29 अक्टूबर को मिश्रिख में संपन्न होगी। मार्ग में जनसभाएं और धार्मिक आयोजन होंगे, जिनमें मंत्री, जनप्रतिनिधि और संत आमंत्रित किए गए हैं। लोक भारती इससे पहले मथुरा के गोवर्धन और चित्रकूट के कामदगिरि परिक्रमा पथ पर भी हरिशंकरी रोपित कर चुकी है।

Check Also

गोरक्षपीठ में रविवार को महानिशा पूजा करेंगे योगी, दशहरे पर निकालेंगे विजयादशमी शोभायात्रा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर स्थित गोरक्षपीठ में शारदीय नवरात्र के अंतिम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *