Breaking News

पं. गोविंद बल्लभ पंत के कार्य आज भी प्रेरणास्रोत: मुख्यमंत्री योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देश के पूर्व गृह मंत्री और उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री ‘भारत रत्न’ पंडित गोविंद बल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोकभवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भारत माता का महान सपूत, प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कुशल अधिवक्ता और दूरदर्शी प्रशासक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत के कार्य और विचार आज भी समाज और प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में उत्तर प्रदेश के विकास और सुधार के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए, जिनका प्रभाव आज भी दिखाई देता है। सीएम योगी ने कहा कि पंडित पंत का जन्म वर्तमान उत्तराखंड में हुआ था, जो उस समय संयुक्त प्रांत का हिस्सा था। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आह्वान पर उन्होंने अपनी सफल वकालत छोड़कर स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भागीदारी की। जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा था, तब 1937 में उन्हें उत्तर प्रदेश का प्रीमियर चुना गया था। स्वतंत्र भारत में वह उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री बने और उन्होंने प्रदेश के विकास की मजबूत आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंत जी ने जिस दूरदर्शी सोच और विकास की नीति को आगे बढ़ाया, उसी का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने गृह मंत्री के रूप में भी देश को अमूल्य सेवाएं दीं और राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक जय देवी, अमरेश कुमार तथा विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Check Also

ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत 29.50 करोड़ रुपये की सब्सिडी स्वीकृत : केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत वित्तीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES