वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उस समय बाल-बाल बच गए जब उनके हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री शनिवार को लखनऊ के ला मार्ट्स क्षेत्र से हेलीकॉप्टर द्वारा कौशाम्बी के लिए रवाना हो रहे थे। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या आ गई।
सूत्रों के अनुसार हेलीकॉप्टर में अचानक धुआं भरने लगा, जिसके बाद पायलट ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए लखनऊ एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कर दी। समय रहते हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतार लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उपमुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई और हेलीकॉप्टर की गहन जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक तौर पर इसे तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि विशेषज्ञ पूरी तरह से जांच करने के बाद ही कारणों की पुष्टि करेंगे।
इधर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अब कौशाम्बी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सड़क मार्ग से रवाना होने की तैयारी कर रहे हैं। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच कर रही हैं, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।