Breaking News

मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के प्रथम अत्याधुनिक डॉग एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) एवं प्रशिक्षण केंद्र का किया लोकार्पण

– लखनऊ इज ए सिटी विच इज क्लीन, कम्फर्टेबल एंड केयर्स”, विश्व के श्रेष्ठ रहने योग्य शहरों में स्थान बनाना लक्ष्य-मंत्री श्री ए.के. शर्मा
– मंत्री श्री ए.के. शर्मा एवं महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने जरहरा गो आश्रय स्थल का किया निरीक्षण
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इंदिरा नगर के जरहरा में प्रदेश के पहले अत्याधुनिक डॉग एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) एवं प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए कहा कि पशु कल्याण, स्वच्छता और नागरिकों की सुरक्षा के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। यह केंद्र वैज्ञानिक पशु प्रबंधन और संवेदनशील शहरी व्यवस्था का उदाहरण है।
मंत्री ने कहा कि निराश्रित श्वानों की नसबंदी के साथ उनके स्वास्थ्य, उपचार और ऑपरेशन के बाद देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। केंद्र में नसबंदी के बाद श्वानों को स्वास्थ्य लाभ और संक्रमण से बचाव के लिए निर्धारित अवधि तक रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा, जहां से पकड़ा गया था। मोबाइल ऐप के माध्यम से श्वानों की तस्वीर और स्थान का रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। उन्होंने बीमार और घायल श्वानों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शर्मा ने कहा कि लखनऊ नगर निगम की इस व्यवस्था की सुप्रीम कोर्ट ने भी सराहना की है और दूसरे राज्यों को इसका अध्ययन करने को कहा है। उन्होंने इस पहल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि दूसरे शहर भी इससे सीख सकें।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम वैज्ञानिक पद्धति और मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर निराश्रित श्वानों की समस्या का समाधान करने के साथ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र में नसबंदी, स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और ऑपरेशन के बाद देखभाल की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम के बाद मंत्री और महापौर ने जरहरा स्थित गो आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। मंत्री ने गोवंश को गुड़ खिलाया और अधिकारियों को चारा, स्वच्छता, पेयजल तथा चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अरविंद कुमार राव, पार्षद श्रीमती कल्पना वर्मा समेत कई अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।

Check Also

लखनऊ में 245 अवैध वकील चैंबरों पर चलेगा बुलडोजर, मौके पर पुलिस तैनात

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद लखनऊ में नगर निगम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *