वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर तक बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। इसे लेकर योगी सरकार ने राहत और बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। राहत आयुक्त कार्यालय ने एडवाइजरी जारी कर आम लोगों और किसानों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम में बदलाव से दिन के तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। कई जिलों में मौसम की गंभीरता के अनुसार येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। इसके मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में बारिश का अनुमान है। 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के साथ बरेली, पीलीभीत तथा शाहजहांपुर में भी भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ने की संभावना है।
राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा पक्के भवनों में शरण लेने की सलाह दी गई है। बिजली कड़कने पर खुले मैदानों और जलाशयों के पास जाने से बचने को कहा गया है। किसानों को फसल और कृषि उपज सुरक्षित रखने तथा पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की सलाह दी गई है। लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक बुलेटिन और सचेत ऐप पर जारी चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की गई है।