वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सुल्तानपुर दौरे के दौरान उनके काफिले के पीछे चल रहे वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले में योगी सरकार ने जांच के निर्देश दिए हैं। डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है। एसआईटी दुर्घटना के कारणों से लेकर काफिले की सुरक्षा, एस्कॉर्ट प्रबंधन और यातायात व्यवस्था तक की पड़ताल करेगी। दल को जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
गठित एसआईटी की अध्यक्षता लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस करेंगे। सुल्तानपुर के अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह और यातायात पुलिस उपाधीक्षक राम कृष्ण चतुर्वेदी को दल का सदस्य बनाया गया है। तीनों अधिकारियों को दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डीजीपी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए दुर्घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। जांच में यह भी देखा जाएगा कि राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रहे वाहनों के संचालन, एस्कॉर्ट प्रबंधन और यातायात नियंत्रण में किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई। एसआईटी दुर्घटना से जुड़े तथ्यों और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करेगी।
एसआईटी को जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारी तय करने और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित खामियों की पहचान करने को कहा गया है। साथ ही भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी देने होंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी।