वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
प्रयागराज। सरदार पटेल संस्थान, अलोपीबाग में रविवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ एवं सामाजिक न्याय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के लोग शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने वोट के अधिकार की रक्षा, पिछड़ों की भागीदारी और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट का अधिकार प्रत्येक नागरिक का सबसे बड़ा अधिकार है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार वोट चोरी के मुद्दे को उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में अन्याय के खिलाफ मतदान के जरिए जवाब देने की अपील की।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों से पहुंचने की अपील की। ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जय हिंद ने कहा कि पिछड़े वर्ग की सही गणना और आबादी के अनुपात में आरक्षण, नौकरी तथा संसाधनों में हिस्सेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने सामाजिक न्याय के मुद्दे पर कांग्रेस के संघर्ष को जारी रखने की बात कही।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि वोट का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। सीएलपी नेता वीरेंद्र चौधरी ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने आरोप लगाया कि पिछड़ों को उनके अधिकारों और आरक्षण में उचित हिस्सेदारी से वंचित किया जा रहा है।
सम्मेलन के आयोजक किसान मजदूर मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ओबीसी कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण सिंह पटेल ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में अनुग्रह नारायण सिंह, सुशील पासी, देवेंद्र निषाद समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।