वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने एशियाई खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाले हॉकी ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता अभिषेक और सुखजीत सिंह को सम्मानित किया। दोनों खिलाड़ी पीएनबी परिवार के गौरवान्वित सदस्य होने के साथ बैंक की हॉकी टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी भी हैं। सम्मान समारोह पीएनबी के द्वारका सेक्टर-10 स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय में आयोजित हुआ, जहां बैंक के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने दोनों खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों के साथ संवाद सत्र भी हुआ।
एशियाई खेल 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से हराया था। इस मुकाबले में अभिषेक ने 60वें मिनट में निर्णायक गोल कर भारत को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं फाइनल में मलेशिया के खिलाफ भारत की 5-1 की शानदार जीत में सुखजीत सिंह के महत्वपूर्ण योगदान ने टीम को स्वर्ण पदक दिलाने के साथ लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए सीधी जगह सुनिश्चित करने में मदद की।
अभिषेक राष्ट्रमंडल खेल 2022 के रजत, एशियाई खेल 2022 के स्वर्ण पदक विजेता और पेरिस 2024 ओलंपिक प्रतिभागी रहे हैं। वह एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 के स्वर्ण पदक विजेता और एशिया कप 2025 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी रहे। सुखजीत सिंह भी राष्ट्रमंडल खेल 2022 के रजत, एशियाई खेल 2022 के स्वर्ण पदक विजेता तथा 2023 और 2024 की एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के स्वर्ण पदक विजेता हैं।
अशोक चंद्र ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने भारतीय हॉकी और पूरे पीएनबी परिवार को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि बैंक राष्ट्रीय खेल सहित अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएनबी देशभर में जमीनी स्तर पर हॉकी प्रतिभाओं को तराशने के लिए हॉकी अकादमी भी संचालित करता है।