वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा त्योहार को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने बसों के व्यवस्थित एवं सुदृढ़ संचालन की तैयारी तेज कर दी है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने निगम के अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने कहा कि सभी बसों का निर्धारित 31 एवं 13 बिंदुओं के मानक के अनुसार भौतिक एवं यांत्रिक परीक्षण तत्काल कराया जाए। परीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए। फिटनेस दुरुस्त होने के बाद ही बसों को आउटशेडिंग कर मार्ग पर संचालित किया जाए। सभी वाहनों को ऑन रोड स्थिति में रखते हुए शत-प्रतिशत संचालन के लिए तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दयाशंकर सिंह ने बस अड्डों पर यात्रियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और सुलभ शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। शौचालयों के आसपास चूने का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। बसों को मार्ग पर भेजने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि उनके शीशे टूटे न हों, सीटें फटी न हों और वाहन साफ-सुथरी स्थिति में हों।
उन्होंने चालक और परिचालकों समेत बस स्टेशन के कर्मचारियों को यात्रियों के साथ मृदुल एवं शिष्ट व्यवहार करने के लिए निर्देशित किया। चालक-परिचालकों को समय-समय पर व्यवहार संबंधी प्रशिक्षण देने को भी कहा गया है। मार्ग में मिलने वाले यात्रियों को सम्मानपूर्वक बस में बैठाने और गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने पर जोर दिया गया।
मंत्री ने कहा कि सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और दिव्यांग यात्रियों को यथासंभव आरक्षित सीट उपलब्ध कराई जाए। बसों में प्रतिबंधित वस्तुओं और ज्वलनशील पदार्थों का परिवहन कदापि न हो। सभी चालक-परिचालक ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से वर्दी में रहें। बस स्टेशनों पर उद्घोषणा यंत्र चालू और सभी बसों में फर्स्ट एड किट उपलब्ध रखी जाए। घरेलू सामान निर्धारित सीमा से अधिक होने पर नियमानुसार बुक कराकर ही ले जाया जाए।